योगी सरकार की बड़ी पहल: 225 साल पुराने मुंडा शिवाला का होगा भव्य जीर्णोद्धार
श्रावस्ती के 225 वर्षीय मुंडा शिवाला का 4 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार होगा। योगी सरकार की पहल से मंदिर को नया जीवन मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
योगी सरकार प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पुनरोद्धार के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) और नैमिषारण्य जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के सौंदर्यीकरण के बाद अब श्रावस्ती के ऐतिहासिक मुंडा शिवाला को नया जीवन देने की तैयारी है। करीब 225 वर्ष पुराने इस प्राचीन मंदिर का निर्माण 1800 से 1820 के बीच स्थानीय ठाकुर परिवार ने कराया था। नेपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।
जीर्णोद्धार योजना
श्रावस्ती जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें गर्भगृह, प्रांगण और दीवारों की मरम्मत, रंग-रोगन, फर्श व टाइल्स का निर्माण, सीसी रोड और संपर्क मार्ग का विकास शामिल है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, सुरक्षा उपकरण, पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, डिजिटल सूचना बोर्ड और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
ट्रस्ट का गठन
मंदिर के बेहतर प्रबंधन और नियमित पूजा-पाठ के लिए एक ट्रस्ट बनाया जाएगा, जो पुजारी की नियुक्ति, धार्मिक आयोजनों, प्रमुख त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन करेगा।
पर्यटन को बढ़ावा
मुंडा शिवाला का पुनरोद्धार श्रावस्ती के धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देगा। यह क्षेत्र पहले से ही बुद्धकालीन धरोहरों के लिए प्रसिद्ध है, और इस पहल से नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि की संभावना है।