राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में रक्षाबंधन पर बच्चों संग मनाया उत्सव
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन, लखनऊ में रक्षाबंधन पर बच्चों, अधिकारियों और आगंतुकों को राखी बांधकर आशीर्वाद दिया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से राजभवन, लखनऊ में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, राजभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को स्नेहपूर्वक राखी बांधकर आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राज्यपाल से राखी बंधवाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों ने अपनी स्वनिर्मित राखियाँ भी भेंट कीं और कविताएँ, श्लोक व रचनात्मक प्रस्तुतियाँ पेश कीं।
इस अवसर पर नेशनल इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, के.के.वी. इंटर कॉलेज, के.के.सी. इंटर कॉलेज, हरिशचंद्र इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विकास नगर, स्काउट गाइड, एनजीओ उम्मीद संस्था, राजेश सिंह दयाल फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चे तथा वात्सल्य परिवार वृंदावन, मथुरा एवं श्रीराम कान्वेंट स्कूल, वाराणसी से कुल 162 बच्चों की उपस्थिति रही।
राज्यपाल ने राजभवन में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को भी राखी बांधी और शुभकामनाएँ दीं। आगंतुकों को राजभवन से प्रकाशित पुस्तकें भेंट में दी गईं और सभी को मिठाइयाँ वितरित की गईं।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई, विधि परामर्शदाता प्रशांत मिश्रा सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।