धर्मांतरण के आरोपी छांगुर बाबा की कोठी पर चला बुलडोजर
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में धर्मांतरण का नेटवर्क चला रहे आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की गिरफ्तारी के बाद अब उसके मकान पर बुलडोजर चला दिया गया है।
यूपी के बलरामपुर में धर्मांतरण का एक बड़ा नेटवर्क चलाने वाले जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की गिरफ्तारी के बाद छांगुर बाबा के मकान पर बुलडोजर चला दिया गया है। मंगलवार की सुबह 8 बजे से छांगुर बाबा के मकान को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन तैनात है। छांगुर बाबा को कई लड़कियों का धर्म बदलने और करोड़ों के लेन-देन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। छांगुर बाबा को कई इस्लामिक देशों से विदेशी फंडिंग मिली थी, जिसकी जांच की जा रही है। इन रुपयों के जरिए छांगुर बाबा ने अपना नेटवर्क फैलाया और करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया था।
इस मामले पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के एक्स पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा- हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालउद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं।
उन्होंने आगे लिखा- उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने।