बिहार में एनडीए की लहर स्पष्ट: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में एनडीए की लहर है और दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामों का असर जनता के मतदान में दिखा।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि बिहार में एनडीए सरकार के पक्ष में जबरदस्त लहर है, और यही रुझान एग्जिट पोल के नतीजों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वास्तविक परिणाम एग्जिट पोल से भी बेहतर होंगे और एनडीए दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और कार्यों का गहरा प्रभाव है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन ने जनता के बीच भरोसे का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवा कल्याण, महिला सशक्तिकरण और गरीबों के उत्थान के लिए जो काम किए हैं, वह जनता के मतदान में स्पष्ट रूप से झलक रहा है।
विपक्ष की प्रतिक्रियाओं पर राय ने कहा कि “उनका दिल सच जानता है, लेकिन वे अभी उसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। एक-दो दिन में वे भी मान जाएंगे कि बिहार की जनता ने एनडीए पर अपना भरोसा जताया है।”