CG News: अप्रैल के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू; रमन ने की मुलाकात, दिया न्यौता
इस संबंध में छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति से नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अप्रैल के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ आयेंगी। वे विधानसभा के प्रबोधन सत्र को संबोधित करेंगी। इस संबंध में छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति से नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिये न्यौता दिया, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर छत्तीसगढ़ आने के लिये अपनी स्वीकृति दे दी है।
इस अवसर पर रमन ने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करने की जानकारी देते हुए राष्ट्रपति को राज्य के विकास और संस्कृति से अवगत कराया। छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रपति को अप्रैल में विधानसभा में प्रबोधन के लिए आमंत्रित किया। इस पर राष्ट्रपति ने अपनी स्वीकृति दे दी है। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए प्रेरणादायक होगी और राज्य की जनता के लिए गौरव का विषय बनेगी।
इससे पूर्व रमन सिंह ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। स्पीकर ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट किया कि नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मंडविया से सौहार्दपूर्ण भेंटकर छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव में खेल जगत के उत्थान से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और खेल से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने पर सार्थक संवाद हुआ।