मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को देंगे रक्षाबंधन का शगुन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को लाड़ली बहना योजना के तहत 1.26 करोड़ महिलाओं को 1859 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करेंगे। रक्षाबंधन पर प्रत्येक बहना को 1500 रुपये मिलेंगे।
1.26 करोड़ बहनों के खातों में करेंगे 1859 करोड़ का अंतरण
07 अगस्त को प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में आएंगे 1500 रूपये
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में होगा राज्यस्तरीय कार्यक्रम
लाड़ली बहना योजना
वर्ष 2023 से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का मूल उद्देश्य महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार और पारिवारिक निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। योजना की पात्र महिलाएं (21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्याक्ता महिलाएं) को प्रतिमाह 1250 रूपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना में वित्त वर्ष 2025-26 में जुलाई 2025 तक 6198.88 करोड़ की राशि का व्यय किया गया है।
28 लाख से अधिक बहनों को 43.90 करोड़ रूपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव नरसिंहगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं और गैर श्रेणी के अंतर्गत पंजीकृत लाड़ली बहनों और विशेष पिछड़ी जनजाति की आर्थिक सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत महिलाओं को गैस रिफिल की राशि भी प्रदाय करेंगे। योजना के तहत् मुख्यमंत्री डॉ. यादव 28 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेण्डर रिफिलिंग के लिये 43.90 करोड़ रूपये की सहायता राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नरसिंहगढ़ में होने वाले रोड-शो में भी शामिल होंगे।