G20 समिट में भारत-ऑस्ट्रेलिया-कनाडा ने ACITI साझेदारी की शुरुआत, उभरती तकनीकों में सहयोग को नई दिशा
G20 समिट में भारत, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने ACITI पहल शुरू की, जिसका लक्ष्य क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, सप्लाई-चेन और AI जैसी उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाना है।
G20 समिट के दौरान भारत, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने एक नई त्रिपक्षीय तकनीकी पहल ‘ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-इंडिया टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन पार्टनरशिप’ (ACITI) की शुरुआत की। यह पहल तीनों देशों के बीच महत्वपूर्ण और उभरती तकनीकों में सहयोग को मजबूत करने और वैश्विक तकनीकी विकास में साझा योगदान बढ़ाने के उद्देश्य से लॉन्च की गई है।
जोहान्सबर्ग में आयोजित इस शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मुलाकात के बाद इस साझेदारी की घोषणा की गई। ACITI का फोकस क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, मजबूत और विविध सप्लाई-चेन, तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विस्तृत उपयोग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह नई ACITI पार्टनरशिप तकनीक और नवाचार के अनेक क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने में सक्षम होगी। तीनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह पहल प्रत्येक देश की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं का उपयोग कर एक सुरक्षित, आधुनिक और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सहायता करेगी।
इसके तहत भारत, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के अधिकारी 2026 की पहली तिमाही में मिलकर इस साझेदारी को आगे बढ़ाने और इसके विस्तृत रोडमैप को तैयार करने पर काम करेंगे। ACITI पार्टनरशिप की शुरुआत भारत के उस लक्ष्य के अनुरूप है, जिसके तहत वह वैश्विक स्तर पर तकनीकी सहयोग, अनुसंधान साझेदारी और सुरक्षित सप्लाई-चेन निर्माण की दिशा में G20 जैसे प्रमुख बहुपक्षीय मंचों पर लगातार प्रयासरत है।