मुख्यमंत्री योगी ने की दो तीर्थयात्रा योजनाओं की घोषणा, बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
योगी सरकार ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए दो तीर्थयात्रा योजनाओं की घोषणा की, जिनमें ₹10,000 तक की आर्थिक सहायता और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए दो नई तीर्थयात्रा योजनाओं की घोषणा की है। इनमें 'बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना' और 'पंच तख्त यात्रा योजना' शामिल हैं, जिनके अंतर्गत पात्र श्रद्धालुओं को ₹10,000 तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के बौद्ध स्थलों की यात्रा कराई जाएगी, जिसमें बौद्ध भिक्षुओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं पंच तख्त यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालु श्री अकाल तख्त (अमृतसर), श्री आनंदपुर साहिब, श्री दमदमा साहिब, तख्त सचखंड हजूर साहिब (नांदेड़) और श्री पटना साहिब की तीर्थ यात्रा कर सकेंगे।
दोनों योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और गरीबों को वरीयता के आधार पर पारदर्शी चयन किया जाएगा। ये योजनाएं आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित की जाएंगी और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करेंगी।