चिरायु योजना बनी बच्चों के लिए जीवनदायिनी, सैकड़ों को मिला नया जीवन और परिवारों को राहत

कोंडागांव जिले में चिरायु योजना के तहत गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क इलाज मिल रहा है, जिससे उन्हें नया जीवन और परिवारों को राहत मिली है।

चिरायु योजना बनी बच्चों के लिए जीवनदायिनी, सैकड़ों को मिला नया जीवन और परिवारों को राहत

कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत जन्मजात विकृतियों और जटिल रोगों से पीड़ित बच्चों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है, जिससे उन्हें नया जीवन मिल रहा है और परिजनों को आर्थिक राहत।

स्वास्थ्य विभाग कोंडागांव के अनुसार, कुम्हारपारा के पांच माह के रोनित कोर्राम और तहसीलपारा की चार माह की एक बच्ची का 15 जुलाई को रायपुर के एक निजी अस्पताल में कटे-फटे होंठ की सफल सर्जरी की गई। अब दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। उनके परिजनों ने शासन का आभार व्यक्त किया।

अब तक चिरायु योजना के तहत जिले में 51 बच्चों की हृदय संबंधी सर्जरी, 23 बच्चों के टेढ़े-मेढ़े पैरों का इलाज, 22 बच्चों के कटे-फटे होंठ की सर्जरी और 19 बच्चों की जलने से जुड़ी त्वचा की जटिलताओं का सफल उपचार किया गया है।

चिरायु योजना से न केवल बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि उनके भविष्य को संवारने की दिशा में भी यह एक प्रभावी पहल बनकर सामने आई है। केंद्र और राज्य सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य को लेकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।