भोपाल केंद्रीय जेल में "तिनका-तिनका उम्मीद" कार्यशाला: बंद दीवारों के बीच नई ज़िंदगी की रोशनी

भोपाल केंद्रीय जेल की महिला बंदियों के लिए “तिनका-तिनका उम्मीद” कार्यशाला आयोजित, कला और संवाद से आत्मबदल की प्रेरक झलक, महिला आयोग और तिनका-तिनका फाउंडेशन का संयुक्त प्रयास।

भोपाल केंद्रीय जेल में "तिनका-तिनका उम्मीद" कार्यशाला: बंद दीवारों के बीच नई ज़िंदगी की रोशनी

भोपाल केंद्रीय जेल के महिला वार्ड में “तिनका-तिनका उम्मीद” नामक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें महिला बंदियों ने कला और शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाओं और सपनों को अभिव्यक्त किया। यह आयोजन मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग और तिनका-तिनका फाउंडेशन के सहयोग से “टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से सुधार और व्यक्तित्व विकास” विषय पर आयोजित किया गया था।

कार्यशाला में महिला कैदियों ने आत्मविश्लेषण, संवाद, रचनात्मकता और भविष्य निर्माण के दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। 56 वर्षीय पुतलीबाई ने भावुक होकर बताया कि कैसे उन्होंने यहां पढ़ना, चित्र बनाना और आत्मबल पहचानना सीखा। कल्पना, जो किन्नर समुदाय से हैं, ने फैशन डिजाइनर बनने की इच्छा जताई, वहीं सुनीता बाई ने खेती और बच्चों के पालन-पोषण का संकल्प लिया।

महिलाओं ने "जेल में सपना", "जेल में उत्सव", "जेल में रेडियो" जैसे विषयों पर चित्र बनाकर अपने अनुभव और भावनाएं साझा कीं।

तिनका-तिनका फाउंडेशन की अध्यक्ष वर्तिका नंदा ने संवादों और कहानियों के माध्यम से संदेश दिया कि नारी शक्ति हर परिस्थिति में डटे रहने में है। राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव सुरेश तोमर ने बताया कि महिला बंदियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और इन्हें पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

इस प्रेरणादायक आयोजन में डीआईजी जयश्री श्री पटेल, जेल अधीक्षक राकेश भांगरे और आनंद विभाग के संचालक प्रवीण गंगराड़े भी उपस्थित रहे। यह कार्यशाला एक नई शुरुआत की कहानी है—जहां बंद दरवाज़ों के पीछे भी उम्मीद की खिड़कियां खुलती हैं।