छत्तीसगढ़ में उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु आयोग गठित, सीएम साय की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में उद्यमिता आयोग के गठन की घोषणा की है। यह आयोग राज्य में उद्यमशीलता की संस्कृति को मजबूत करने और रोजगार सृजन की संभावनाओं का अध्ययन करने का कार्य करेगा।

छत्तीसगढ़ में उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु आयोग गठित, सीएम साय की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में उद्यमिता आयोग के गठन की घोषणा की है। यह आयोग राज्य में उद्यमशीलता की संस्कृति को मजबूत करने और रोजगार सृजन की संभावनाओं का अध्ययन करने का कार्य करेगा। इसके तहत युवाओं के कौशल विकास और रोजगार प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा रायपुर स्थित अग्रसेन धाम में आयोजित स्वदेशी जागरण मंच की अखिल भारतीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए की। इस अवसर पर उन्होंने 'स्वदेशी की विकास यात्रा' पुस्तक का विमोचन भी किया, जो मंच की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित है।

स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर

सीएम साय ने कहा कि 'विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत @2047' के निर्माण के लिए स्वदेशी को आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच हमेशा से आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने की वकालत करता रहा है। भारत के पास प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और विशाल युवा आबादी है, जो उद्योगों और नवाचार के लिए असीम संभावनाएं प्रदान करता है।

नई औद्योगिक नीति और रोजगार पर फोकस

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इस नीति में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। स्थानीय संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएँ भी शुरू की गई हैं।

उद्यमियों को मिला सम्मान

इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सफल उद्यमियों को 'उद्यमिता प्रोत्साहन पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा और नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

इस बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर सुंदरम, अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, देश के प्रतिष्ठित उद्यमी, प्रोफेसर, कुलपति, आर्थिक विशेषज्ञ और स्वदेशी जागरण मंच तथा स्वावलंबी भारत अभियान के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।