आयरलैंड में भारतीय नागरिकों पर बढ़ते हमले, दूतावास ने जारी की चेतावनी

आयरलैंड में भारतीय नागरिकों पर हमलों में बढ़ोतरी को लेकर भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।

आयरलैंड में भारतीय नागरिकों पर बढ़ते हमले, दूतावास ने जारी की चेतावनी

आयरलैंड में भारतीय नागरिकों पर हो रहे हमलों को लेकर डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने गंभीर चिंता जताई है और सभी भारतीयों से सतर्क रहने की अपील की है। दूतावास ने हालिया घटनाओं के मद्देनजर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि भारतीय नागरिक अकेले सुनसान इलाकों में न जाएं और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

यह एडवाइजरी 26 जुलाई को डबलिन में एक भारतीय नागरिक पर हुए हिंसक हमले के बाद जारी की गई है। दूतावास ने पुष्टि की है कि वह पीड़ित और उनके परिवार के संपर्क में है और सभी जरूरी सहायता प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही दूतावास ने आयरलैंड के अधिकारियों से भी संपर्क साधा है ताकि मामले की गंभीरता को उचित स्तर पर उठाया जा सके।

भारतीय नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में डबलिन स्थित भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर 08994 23734 या ईमेल cons.dublin@mea.gov.in पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

आयरिश मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डबलिन में हुए हमले की जांच संभावित घृणा अपराध (हेट क्राइम) के रूप में की जा रही है। हमले के बाद सोशल मीडिया पर दक्षिणपंथी और प्रवासी-विरोधी तत्वों ने कई झूठे दावे फैलाए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समुदाय से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करें।