कृषि निर्यात में भारत की बड़ी छलांग, पहली तिमाही में 5.96 अरब डॉलर का रिकॉर्ड
भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों का 5.96 अरब डॉलर निर्यात किया। चावल, मांस और फल-सब्जियों के निर्यात में बढ़ोतरी से निर्यात को मजबूती मिली।
भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 5.96 अरब डॉलर मूल्य के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात किया, जो पिछले साल की तुलना में 7% अधिक है। इस बढ़त का मुख्य कारण चावल, मांस और फलों-सब्जियों के निर्यात में आई तेजी है।
विशेष रूप से चावल के निर्यात में बढ़त दर्ज की गई है। बासमती और गैर-बासमती दोनों प्रकार के चावल मिलाकर इस तिमाही में निर्यात 3.5% बढ़कर 2.9 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने कुल 12.47 अरब डॉलर का चावल निर्यात किया था, जो वित्त वर्ष 2023-24 से 20% ज्यादा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पाकिस्तान और म्यांमार जैसे देशों में चावल का स्टॉक कम होने से भारतीय चावल की अंतरराष्ट्रीय मांग में इजाफा हुआ है। इससे आगामी तिमाहियों में चावल निर्यात में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया, यूएई, ईएफटीए (स्विट्जरलैंड, नॉर्वे आदि) और ब्रिटेन जैसे देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, जिससे भारतीय कृषि उत्पादों को नए बाजार और बेहतर अवसर मिले हैं। टैरिफ बाधाएं घटने से निर्यात को नई रफ्तार मिली है।
गोयल ने यह भी जानकारी दी कि किसानों को अब तक 25 करोड़ सॉइल हेल्थ कार्ड दिए जा चुके हैं, जिससे वे उर्वरकों का संतुलित उपयोग कर रहे हैं। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए उन्हें आसान फसल ऋण भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता और दबाव के बावजूद, भारत के कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन क्षेत्र ने मजबूती दिखाई है। इन क्षेत्रों का कुल संयुक्त निर्यात अब 4 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को छू चुका है, जो किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है।