मुंबई में रचनात्मक तकनीकी शिक्षा का नया केंद्र – IICCT कैंपस का उद्घाटन
मुंबई के गोरेगांव फिल्म सिटी में भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICCT) का पहला परिसर शुरू हुआ। यह संस्थान VFX, गेमिंग, एनीमेशन जैसी रचनात्मक तकनीकों में आधुनिक प्रशिक्षण देगा।
मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICCT) के पहले परिसर का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर WAVES 2025 रिपोर्ट भी जारी की गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि “वेव्स 2025 ने क्रिएटर इकोनॉमी को नई दिशा दी है।" उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री वैष्णव के विजन से इस प्रोजेक्ट को आकार मिला है।
IICCT को भारत के प्रमुख तकनीकी संस्थानों की तरह "क्रिएटिव IIT" के रूप में तैयार किया जा रहा है। यह संस्थान VFX, एनीमेशन, गेमिंग, पोस्ट-प्रोडक्शन और रचनात्मक आईटी जैसी तकनीकों में कौशल-आधारित कोर्स प्रदान करेगा। यहाँ 6 महीने से 2 साल तक के कोर्स संचालित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई जैसे वैश्विक आईटी और एंटरटेनमेंट हब में IICCT की स्थापना एक ऐतिहासिक पहल है। पहले चरण में यह परिसर 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
फडणवीस ने इसे केवल सरकारी सहयोग नहीं, बल्कि उद्योग और शिक्षा के बीच साझेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने इसे नई पीढ़ी के लिए रोजगार और नवाचार का केंद्र करार दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री वैष्णव और सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार भी जताया।
इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन और मंत्रालय के सचिव संजय जायू भी मौजूद रहे।