मेरठ में दो साल पहले अगवा हुई मासूम की हत्या, आरोपी ने कबूला जुर्म
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर से दो साल पहले अगवा की गई पांच वर्षीय मासूम किट्टू उर्फ मानवी की हत्या कर दी गई थी।
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर से दो साल पहले अगवा की गई पांच वर्षीय मासूम किट्टू उर्फ मानवी की हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने मासूम को कत्ल करने के बाद खेत में दबा दिया था। पुलिस की गिरफ्त में आए कातिल ने चौंकाने वाला खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस दिनभर बच्ची के अवशेष तलाशने में जुटी रही।
आरोपी सुमित ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उसने मासूम बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और शव खेत में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को मामले का खुलासा किया।
बदले की आग में ली मासूम की जान
पुलिस जांच में पता चला कि सुमित ने बदला लेने के लिए मासूम किट्टू की हत्या की। दरअसल, किट्टू की मां पुष्पा ने सुमित की भाभी अनिता को एक दवा पिलाई थी, जिससे अनिता के गर्भ में पल रहे जुड़वां बच्चों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, किट्टू के पिता धीरेंद्र ने उनके किराए का मकान भी खाली करा दिया था। इसी रंजिश में सुमित ने चार जनवरी 2023 की रात मासूम को अगवा कर उसकी हत्या कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना की रात किट्टू अपनी मां-पिता के साथ घर में सोई हुई थी, लेकिन रात करीब दो बजे जब माता-पिता की आंख खुली तो बच्ची गायब थी और घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। पहले यही समझा गया कि बच्ची खुद ही बाहर निकल गई होगी, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो एक युवक उसे गोद में उठाकर ले जाते हुए दिखा।
पुलिस ने क्षेत्र के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 1000 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की और 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। अब आरोपी की पत्नी शिवानी ने ही उसकी करतूत का पर्दाफाश कर दिया। सुमित की भाभी अनिता को इस हत्या की जानकारी थी और उसने यह बात सुमित की पत्नी को बता दी। जब पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा तो शिवानी ने सुमित को सबक सिखाने के लिए किट्टू की मां को सच बता दिया।
मां को मिला सच का पता, आरोपी गिरफ्तार
जब किट्टू की मां को अपनी बेटी की हत्या की सच्चाई पता चली तो वह सदमे में बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद महिलाओं ने उसे संभाला। पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर खेत में खोदाई कर बच्ची के अवशेष तलाशने का प्रयास किया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी ने बच्ची की गला दबाकर हत्या कर शव खेत में दबाने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने अपहरण के केस में हत्या की धारा भी जोड़ दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।