मैकेंजी स्कॉट की दरियादिली: अब तक 19 अरब डॉलर से ज्यादा दान, 2,450 से अधिक गैर-लाभकारी संगठनों को सपोर्ट
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट अपनी दरियादिली और दानदारी के लिए दुनिया भर में जानी जाती हैं।
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट अपनी दरियादिली और दानदारी के लिए दुनिया भर में जानी जाती हैं। साल 2019 से अब तक उन्होंने अपनी 35.6 अरब अमेरिकी डॉलर की संपत्ति में से 19 अरब डॉलर से अधिक दान कर दिए हैं। सेंटर फॉर इफेक्टिव फिलैंथ्रोपी (CEP) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह वर्षों में स्कॉट ने 2,000 से ज्यादा गैर-लाभकारी संगठनों को आर्थिक मदद दी है। इस सहायता से संगठनों ने न केवल अपना बजट बढ़ाया, बल्कि जरूरी संसाधन खरीदे, कर्मचारियों को नियुक्त किया और उन्हें उचित वेतन भी दिया।
अमेजन में 4% हिस्सेदारी से मिली अपार संपत्ति
साल 2019 में जेफ बेजोस से तलाक के बाद मैकेंजी स्कॉट को समझौते के तहत अमेजन में 4% हिस्सेदारी मिली थी, जिसकी कीमत उस समय करीब 36 अरब डॉलर थी। बेजोस और स्कॉट की शादी 25 साल तक चली। तलाक की घोषणा के तुरंत बाद, मई 2019 में उन्होंने गिविंग प्लेज पर हस्ताक्षर करते हुए अपनी संपत्ति का कम से कम आधा हिस्सा दान करने का संकल्प लिया था।
स्वास्थ्य, शिक्षा से लेकर आवास तक पर फोकस
फोर्ब्स के अनुसार, वर्तमान में मैकेंजी स्कॉट की नेटवर्थ लगभग 32 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 2.77 लाख करोड़ रुपये) है। पूर्वी टेक्सास से लेकर उत्तरी तंजानिया तक वह 2,450 से ज्यादा गैर-लाभकारी संगठनों को समर्थन देती हैं। ये संगठन स्वास्थ्य, शिक्षा, सस्ती आवास योजनाएं, प्रवासियों के अधिकार और अन्य सामाजिक मुद्दों पर काम कर रहे हैं। स्कॉट का मानना है, "मुझे जिन लोगों की परवाह है, उनसे यह पूछने की जरूरत नहीं कि उनके लिए क्या करूं। मेरे पास जो है, मैं उनके साथ साझा करती हूं।"
मस्क ने डोनेशन को बताया 'चिंताजनक'
मैकेंजी स्कॉट के दान पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भी टिप्पणी की थी। मस्क ने उनके डोनेशन को 'चिंताजनक' बताया और कहा कि स्कॉट का ध्यान वैश्विक प्राथमिकताओं के बजाय नस्लीय समानता, प्रवासियों के अधिकारों और LGBTQ मुद्दों पर अधिक केंद्रित है। हालांकि, मैकेंजी स्कॉट अपने उद्देश्यों पर अडिग हैं और लगातार उन क्षेत्रों में मदद पहुंचा रही हैं, जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।
मैकेंजी स्कॉट की यह उदारता न केवल समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है, बल्कि विश्वभर के दानदाताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत भी बन गई है।