Magh Purnima : श्रद्धालुओं से पटी राम नगरी, आज 20 लाख लोगों के अयोध्या आने की संभावना; पांच बजे से होंगे दर्शन
Darshan on Magh Purnima: बुधवार को होने वाली माघ पूर्णिमा के मौके पर अयोध्या में अपार भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
सरयू की लहरों के समानांतर रामनगरी में आस्था का भी उफान तेज है। मंगलवार को भी 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। बुधवार को माघ पूर्णिमा का स्नान है। इस दौरान अयोध्या में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए अयोध्या में स्कूल भी 14 फरवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। अयोध्या धाम में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। डायवर्जन का दायरा पहले की तुलना में बढ़ा दिया गया है।
रामलला का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना अनवरत जारी है। स्थिति यह है कि विद्यालयों को बंद करना पड़ा है और सभी पहुंच मार्गों पर वाहनों का तांता लगा हुआ है। अनुमान है कि मंगलवार को लगभग 10 लाख लोग अयोध्या धाम में हैं। दर्शन करके जितने श्रद्धालु धाम से बाहर जा रहे हैं, उससे अधिक आने वालों की कतार में हैं। दर्शन अवधि बढ़ाने के बाद भी समय कम पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनवरत प्रयास कर रहे हैं।
राम मंदिर में भीड़ नियंत्रण में छूट रहे पसीने
राम मंदिर में रोजाना तीन लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन पूजन कर रहे हैं। मंदिर सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक खोला जा रहा है। इसके बावजूद बहुत सारे श्रद्धालु दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। एक श्रद्धालु को राम मंदिर में लाइन में लगकर दर्शन करने में दो से तीन घंटे लग जा रहे हैं। भीड़ का आलम यह है कि व्यवस्थाएं देने में प्रशासन व राम मंदिर ट्रस्ट के पसीने छूट रहे हैं। राम मंदिर परिसर में स्थित लाॅकर की सुविधा कम पड़ गई है। ऐसे में बहुत सारे श्रद्धालु अपने सामान व मोबाइल लेकर अंदर दर्शन करने के लिए चले जा रहे हैं। प्रशासन श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करने की व्यवस्था में लगा हुआ है।