प्रदेश में 28 हजार आपदा प्रभावितों को 30 करोड़ की राहत राशि वितरित

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 28 हजार आपदा प्रभावितों को 30 करोड़ रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक से वितरित की।

प्रदेश में 28 हजार आपदा प्रभावितों को 30 करोड़ की राहत राशि वितरित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई क्षति—जैसे जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति एवं अन्य नुकसान—के लिए प्रभावितों को सिंगल क्लिक के माध्यम से राहत राशि वितरित की। मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने न केवल राशि वितरित की, बल्कि हितग्राहियों से चर्चा भी की।

मानसून 2025 में प्रदेश के 28 हजार प्रभावित जनों को 30 करोड़ रुपये आपदा राहत के रूप में दिए गए। इससे पहले 28 करोड़ रुपये की सहायता राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है।

जिले में 157 आपदा प्रभावितों को कुल 54 लाख 66 हजार रुपये दिए गए, जिसमें 12 जनहानि प्रकरणों में 48 लाख, 142 मकान क्षति प्रभावितों को 5 लाख 91 हजार 600 और 3 कपड़ा-बर्तन-खाद्यान्न क्षति प्रभावितों को 15 हजार रुपये प्रदान किए गए।

शहपुरा और सिहोरा ब्लॉक सबसे अधिक प्रभावित रहे, जहां मकान क्षति के मामले ज्यादा हैं। राहत राशि वितरण के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक नीरज सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटियां, कलेक्टर दीपक सक्सेना, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आपदा प्रभावित मौजूद थे।