भोपाल में राज्य सीनियर फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप का शुभारंभ, 364 खिलाड़ियों की रिकॉर्ड भागीदारी
भोपाल में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने राज्य सीनियर फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप का शुभारंभ किया, 40 जिलों के 364 खिलाड़ियों की भागीदारी, शीर्ष 4 खिलाड़ी नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने राज्य सीनियर फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप 2025 का भोपाल के कोलार रोड स्थित आयोजन स्थल पर शुभारंभ किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कपिल सक्सेना के साथ प्रतीकात्मक रूप से शतरंज का एक मैच खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
मंत्री श्री सारंग के व्यवहार और खेल भावना की सराहना करते हुए आयोजकों और उपस्थित खिलाड़ियों ने उनके खिलाड़ी-हितैषी दृष्टिकोण की प्रशंसा की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील बंसल, एमपी एडहॉक कमेटी के चेयरमैन गुरमीत सिंह, आयोजन प्रमुख कपिल सक्सेना एवं जिला संघ के सचिव सतपाल सिंह खनूजा भी मौजूद रहे।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के 40 से अधिक जिलों से 364 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो भोपाल के शतरंज इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी है। प्रतियोगिता में अब तक 3 राउंड पूरे हो चुके हैं, जिनमें अधिकांश शीर्ष वरीय खिलाड़ी अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम:
-
भोपाल के निखिलेश कुमार जैन ने इंदौर के अपार मकवाना को हराया।
-
जबलपुर के कामद मिश्रा ने भोपाल की कनिष्का चौधरी को हराया।
-
ग्वालियर के ऋषभ मिश्रा ने उज्जैन के शिवम जोशी को मात दी।
-
भोपाल के मीतांश दीक्षित ने इंदौर के दर्शिल इयेर को पराजित किया।
प्रतियोगिता का संचालन फिडे मानकों के अनुसार किया जा रहा है और सभी मैचों की जानकारी वेबसाइट www.chess-results.com पर उपलब्ध है। कुल 8 राउंड की इस प्रतियोगिता के बाद शीर्ष 4 खिलाड़ी आंध्रप्रदेश के गुंटूर में आयोजित होने वाली 62वीं नेशनल सीनियर शतरंज चैंपियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।