दुर्ग और बालोद में दर्दनाक घटनाएं: प्रतियोगी छात्रा और मोबाइल दुकानदार ने की आत्महत्या, प्रेम संबंध की आशंका
दुर्ग और बालोद जिलों में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या की घटनाएं सामने आईं, जिसने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।
दुर्ग और बालोद जिलों में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या की घटनाएं सामने आईं, जिसने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। दोनों मामलों में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, हालांकि दोनों के प्रेम संबंधों की चर्चा जोरों पर है।
दुर्ग के बम्लेश्वरी कॉलोनी में 29 वर्षीय युवती, जो यूपीएससी की तैयारी कर रही थी, ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। युवती बालोद जिले की रहने वाली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दुर्ग में रह रही थी। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवती का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
वहीं, बालोद जिले के दानिटोला में 30 वर्षीय युवक कोमल सिंह रावटे ने भी अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोमल की हाल ही में सगाई हुई थी और अप्रैल में उसकी शादी तय थी। सोमवार सुबह जब उसके पिता खेत पर गए थे, तब कोमल अपने कमरे में था। काफी देर तक कोई आवाज न आने पर उसकी मां ने खिड़की से झांककर देखा तो बेटा फंदे से लटका मिला। परिजन तुरंत सहायता के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक मौके पर पांच साल की भतीजी ने कोमल को मुखाग्नि दी।
ग्रामीणों के अनुसार, कोमल बालोद के कर्मा कॉम्पलेक्स स्थित लक्की मोबाइल दुकान में काम करता था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन युवक द्वारा भी कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा गया।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में यह चर्चा तेज है कि दुर्ग में आत्महत्या करने वाली युवती और बालोद के युवक के बीच प्रेम संबंध था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।