बिहार में बढ़ा विदेशी पर्यटकों का आगमन, जर्मनी के पर्यटक दल ने मुंगेर के मां चंडिका मंदिर में किया दर्शन
बिहार में विदेशी पर्यटकों का आगमन बढ़ा। जर्मनी के 20 पर्यटकों ने गंगा विलास क्रूज़ से मुंगेर पहुंचकर मां चंडिका मंदिर का दर्शन किया।
केंद्र सरकार द्वारा विदेशी पर्यटन को बढ़ावा देने की नीति का सकारात्मक प्रभाव अब बिहार में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। राज्य के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों पर विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में आज जर्मनी से आए 20 पर्यटकों का एक दल गंगा विलास क्रूज़ शिप से हावड़ा से पटना की यात्रा करते हुए मुंगेर पहुंचा।
पर्यटकों ने मुंगेर मुख्यालय से लगभग छह किलोमीटर दूर स्थित पहाड़ी गुफा में बसे शक्तिपीठ मां चंडिका मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए। मंदिर परिसर में मौजूद पवित्र वट वृक्ष पर उन्होंने “मां चंडिका की जय” लिखी चुनरी बांधकर अपने स्वस्थ, समृद्ध और सुखी जीवन की कामना की।
दूरदर्शन से बातचीत में विदेशी पर्यटकों ने बताया कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर उन्हें गहरी शांति, सुकून और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उनका कहना है कि बिहार के मंदिरों, प्राकृतिक परिवेश और सांस्कृतिक विरासत ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।