वक्फ संपत्तियों की जानकारी के लिए 'उम्मीद' पोर्टल लॉन्च, मौलाना रजवी ने जताया आभार
भारत सरकार ने वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता और सुरक्षित प्रबंधन के लिए ‘उम्मीद’ पोर्टल लॉन्च किया। मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने इसे सराहनीय पहल बताया।
भारत सरकार ने देशभर की वक्फ संपत्तियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए ‘उम्मीद’ पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता बढ़ाना और उनके प्रबंधन में सुधार लाना है।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात (ALMJ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने इस पहल के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और वक्फ से संबंधित विवादों का पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करेगा।
मौलाना रजवी ने विश्वास जताया कि इस पोर्टल की मदद से वक्फ संपत्तियों का बेहतर रखरखाव किया जा सकेगा और उनका रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल पहल वक्फ प्रबंधन को अधिक भरोसेमंद और व्यवस्थित बनाएगी, जिससे समुदाय का विश्वास भी बढ़ेगा।