छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। आउटर इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, लेकिन इसके बाद दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

रविवार को प्रदेश का मौसम साफ रहेगा, जिससे सुबह के समय तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि रात में हल्की ठंड बनी रहेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में यह 2 से 3 डिग्री तक गिर गया है। हालांकि, अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है। मध्य भागों में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। वहीं, दक्षिणी भागों में अगले चार दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में भी रविवार को मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रह सकता है। बीते दिनों की तुलना में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री तक कम दर्ज किया गया है, जिससे रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, आगामी दिनों में तापमान बढ़ने से ठंड का असर कम हो जाएगा।

शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है।