Bareilly News: लुटेरों की गोली से घायल सराफ की मौत, आंवला में बाजार बंद; व्यापारियों ने किया मंत्री का घेराव

घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मंत्री को किया घेराव, कोतवाल को हटाने की मांग

Bareilly News: लुटेरों की गोली से घायल सराफ की मौत, आंवला में बाजार बंद; व्यापारियों ने किया मंत्री का घेराव

बरेली में पांच दिन पहले लुटेरों की गोली का शिकार हुए आंवला के सराफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल ने शहर के निजी अस्पताल में मंगलवार को दम तोड़ दिया। घटना में आंवला इंस्पेक्टर की भूमिका को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापार मंडल के आवाह्न पर घटना के विरोध में बुधवार को आंवला का पूरा बाजार बंद है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं मृतक व्यापारी के घर पर पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का घेराव किया गया। व्यापारियों ने मंत्री से कोतवाल को हटाने की मांग की। इस पर मंत्री ने कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया था। उधर, मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने चार टीम गठित करके खुलासे में लगाई हैं। 

लूट के विरोध पर बदमाशों ने मारी थी गोली  
बृहस्पतिवार रात मोहल्ला कच्चा कटरा रामलीला गेट निवासी सराफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल (52) को बदमाश ने गोली मार दी थी। बदमाश पड़ोस के बंद मकान का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। पाटिल ने रोका तो बदमाशों ने गोली चला दी थी। इसके बाद वह फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में श्रीकांत को सीएचसी में भर्ती कराया था। 

वहां से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। यहां एक निजी अस्पताल में उन्हें उसी दिन से वेंटिलेटर पर रखा गया था। मंगलवार रात आठ बजे पाटिल ने दम तोड़ दिया। पाटिल का परिवार कई साल पहले महाराष्ट्र से आंवला आकर बस गया था। पाटिल के परिवार में पत्नी व एक बेटा और बेटी है। 

व्यापारी बोले- न्याय न मिला तो करेंगे आंदोलन
श्रीकांत पाटिल की मौत से व्यापारियों में रोष है। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील गुप्ता ने मांग की है कि इंस्पेक्टर आंवला को तत्काल हटाया जाए। मामले की जांच कराकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। घटना के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। बाजार बंद है। 

व्यापारियों ने कहा कि न्याय न मिला तो आंदोलन करेंगे। राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी विशाल मल्होत्रा ने कहा कि पहले भी व्यापारियों के यहां होने वाली घटनाओं पर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। घटना के दूसरे दिन जब उन लोगों ने एसएसपी दफ्तर जाकर शिकायत की तो पुलिस एक बार पाटिल को देखने आई।  
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि चार टीम गठित कर घटना के खुलासे में लगाई हैं। किसी स्तर पर कोई लापरवाही होगी तो उसकी जांच कराई जाएगी। एसपी सिटी को भी इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने व्यापारियों को जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।