बिहार चुनाव: मतदान कर्मियों को ईवीएम-वीवीपैट पर मॉक ड्रिल अनिवार्य, आयोग ने दिए निर्देश
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण में ईवीएम और वीवीपैट पर मॉक ड्रिल को अनिवार्य किया है।
बिहार विधानसभा आम चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण पर जोर दिया है। आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि पहले प्रशिक्षण सत्र में पीठासीन पदाधिकारियों और प्रथम मतदान पदाधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की मॉक ड्रिल कराई जाए।
निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में ईवीएम-वीवीपैट सेट पर 100-100 वोट डालकर मॉक ड्रिल होगी ताकि मतदान प्रक्रिया की गहन समझ विकसित हो सके। इस अभ्यास का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी व्यावहारिक रूप से पूरी तरह दक्ष बनें।
इस मॉक ड्रिल की निगरानी जिला निर्वाचन पदाधिकारी करेंगे और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। आयोग का मानना है कि इस अभ्यास से न केवल तकनीकी त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा बल्कि मतदान के दिन किसी भी तरह की अड़चन की संभावना भी कम होगी।
जिला निर्वाचन कार्यालयों को भेजे गए पत्र में साफ कहा गया है कि यह मॉक ड्रिल प्रशिक्षण का अनिवार्य हिस्सा होगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग ने सभी जिलों से अपेक्षा की है कि वे निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में कोई कसर न छोड़ें।