सासाराम में मतदाता जागरूकता के लिए मैराथन दौड़, "पहले करें मतदान, फिर जलपान" का संदेश
रोहतास जिला प्रशासन ने सासाराम में मतदाता जागरूकता के लिए मैराथन और हाफ मैराथन का आयोजन किया। "पहले करें मतदान, फिर जलपान" के संदेश के साथ युवाओं और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रोहतास जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह सासाराम में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मैराथन और हाफ मैराथन दौड़ का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य संदेश था — “पहले करें मतदान, फिर जलपान।” इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत सुबह 6 बजे आदमापुर स्थित डीएवी स्कूल से मैराथन (18.7 किमी) और हाफ मैराथन (6.6 किमी) दौड़ की शुरुआत हुई। दौड़ का समापन न्यू स्टेडियम, फजलगंज में हुआ, जहां प्रतिभागियों ने नारे लगाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में मल्टीपर्पज हॉल, फजलगंज में विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने दोनों मार्गों पर सुरक्षा और चिकित्सकीय सहायता की पुख्ता व्यवस्था की थी ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 11 नवंबर को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “हर मतदाता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी नागरिक अपने मत का प्रयोग अवश्य करें।”
पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मकसद लोकतंत्र में लोगों के विश्वास और ऊर्जा को बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “हम सबने इस दौड़ में भाग लेकर मतदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया है। अब सभी मतदाता मतदान के दिन लोकतंत्र को सफल बनाएं।”
सासाराम में आयोजित यह मैराथन न केवल एक खेल आयोजन था, बल्कि लोकतंत्र के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी का प्रतीक भी बना।