बिहार में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत बिहार के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा, सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लाभुकों से किया संवाद।
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना का विस्तार करते हुए राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली बिल निशुल्क करने का बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस योजना की घोषणा डीसीआर बिल्डिंग, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल भभुआ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की और लाभुक उपभोक्ताओं से सीधा संवाद भी किया।
यह कार्यक्रम कैमूर जिले के 50 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लाभुकों ने हिस्सा लिया और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान भी मौजूद रहे।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इस योजना का विस्तार गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ी राहत है। इस योजना से लाखों परिवार लाभान्वित होंगे और उनके बिजली बिल का बोझ कम होगा।
उन्होंने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम केवल भभुआ तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे बिहार में एक साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें लाभुकों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।