सी.पी. राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति, राष्ट्रपति-पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई
एनडीए के सी.पी. राधाकृष्णन भारत के 15वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, PM मोदी, अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने दी शुभकामनाएं। जानें पूरी खबर।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को मंगलवार को देश का 15वां उपराष्ट्रपति चुना गया। इस जीत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट लिखकर श्री राधाकृष्णन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके दशकों का अनुभव राष्ट्र की प्रगति में सहायक होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'एक्स' पर बधाई देते हुए कहा, "राधाकृष्णन का जीवन समाज सेवा और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे।"
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उनकी दूरदर्शिता और प्रशासनिक ज्ञान भारत के संसदीय लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि राधाकृष्णन का अनुभव, संवैधानिक मामलों की गहरी समझ और जनता से जुड़ाव उनकी इस नई भूमिका को सशक्त बनाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उनकी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 788 थी, लेकिन 7 सीटें रिक्त होने के कारण प्रभावी संख्या 781 रही। मतदान में 768 सांसदों ने भाग लिया, जबकि 13 सदस्य अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित सदस्यों में बीआरएस के 4, बीजद के 7, शिरोमणि अकाली दल के 1 और एक निर्दलीय सांसद शामिल थे।
श्री राधाकृष्णन को कुल 452 मत प्राप्त हुए और वे भारत के नए उपराष्ट्रपति बन गए हैं।