नेपाल में अशांति, भारत-नेपाल सीमा हाई अलर्ट पर; चार राज्यों में सुरक्षा कड़ी
नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारत ने नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त कर दी है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट जारी, 1,751 किमी खुली सीमा पर चौकसी बढ़ाई गई।
नेपाल में पिछले दो दिनों से जारी हिंसक प्रदर्शनों ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। केंद्रीय एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि उपद्रवी तत्व नेपाल की अशांति का फायदा उठाकर भारत के सीमावर्ती राज्यों में उपद्रव फैला सकते हैं। इसी के चलते उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में भारत-नेपाल की 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा पर सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर तक कड़ा कर दिया गया है।
नेपाल में बिगड़ते हालात पर भारत की नजर
खुफिया सूत्रों ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि नेपाल में अस्थिरता का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकते हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद से भारतीय सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और सख्ती को और बढ़ा दिया है।
एसएसबी और पुलिस का संयुक्त पहरा
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की पुलिस को एसएसबी के साथ संयुक्त गश्त और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर सीमा चौकियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और सीमा पार करने वाले लोगों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
उत्तराखंड के चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में नेपाल से लगे इलाकों में सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। वहीं, बिहार के मधुबनी में भी एसएसबी और स्थानीय पुलिस पूरी तरह चौकसी पर है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि सभी सीमा पुलिस स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में सात जिलों पर सख्ती
उत्तर प्रदेश के सात जिलों—पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज—में सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मुताबिक, 24 घंटे गश्त और प्रवेश बिंदुओं पर सख्त जांच की जा रही है। इस दौरान 73 चेकपॉइंट्स को विशेष निगरानी में रखा गया है।
लखीमपुर खीरी जिले के एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सीमा पर संयुक्त गश्त हो रही है। गौरीफंटा सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन कड़ी निगरानी में शांत बनी हुई है।
पश्चिम बंगाल की सीमा पर भी अलर्ट
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में पानीटंकी सीमा को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। यहां सुरक्षा बल लगातार 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई असामाजिक तत्व सीमा पार न कर सके।
भारत ने साफ कर दिया है कि नेपाल की मौजूदा स्थिति का असर भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों की शांति पर नहीं पड़ने दिया जाएगा और इसके लिए सुरक्षा बल पूरी तरह चौकसी पर हैं।