सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कुशीनगर में भगवान बुद्ध को अर्पित की श्रद्धांजलि

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कुशीनगर के महापरिनिर्वाण स्थल पर भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि दी और थाई मॉनेस्ट्री का भी भ्रमण किया।

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कुशीनगर में भगवान बुद्ध को अर्पित की श्रद्धांजलि

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पवित्र बौद्ध तीर्थस्थल कुशीनगर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल का दर्शन किया और महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा-अर्चना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

जनरल चौहान ने 6.1 मीटर लंबी शयन मुद्रा वाली भगवान बुद्ध की प्रतिमा का दर्शन किया और पारंपरिक रूप से चीवर अर्पित कर विशेष पूजा की। इसके बाद उन्होंने कुशीनगर स्थित थाई मॉनेस्ट्री का भी भ्रमण किया, जहां भगवान बुद्ध की मूल अस्थियों के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनके आगमन पर ज़िला प्रशासन ने भव्य स्वागत किया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने एयरपोर्ट पर जनरल चौहान का अभिनंदन किया और उन्हें सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

जनरल चौहान का यह दौरा आध्यात्मिकता, संस्कृति और राष्ट्रीय कर्तव्यों के बीच संतुलन का प्रतीक माना जा रहा है। साथ ही, इस यात्रा से कुशीनगर की वैश्विक पहचान और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।