मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले – आकांक्षी जिलों से बदली राजगढ़ की तस्वीर, हर खेत तक पहुंचा सिंचाई का पानी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा में किसान सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास की धारा बह रही है। अब हर खेत को सिंचाई का पानी मिल रहा है और किसानों को फसल का उचित मूल्य दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले – आकांक्षी जिलों से बदली राजगढ़ की तस्वीर, हर खेत तक पहुंचा सिंचाई का पानी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आज देश तेज़ी से तरक्की कर रहा है। आकांक्षी जिलों की योजना के तहत राजगढ़ जिले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। जब से हमारी सरकार बनी है, पूरे क्षेत्र में विकास की नई धारा बहने लगी है। पहले जहां खेती और पानी की कल्पना मुश्किल थी, वहीं अब प्रदेश में सिंचाई का रकबा इतना बढ़ गया है कि हर खेत को समय पर सिंचाई का पानी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सूखे खेतों में अगर समय पर पानी मिल जाए तो फसल सोने की तरह लहलहाने लगती है। वे शनिवार को राजगढ़ जिले के ब्यावरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब बिजली की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में इतनी बिजली का उत्पादन हो रहा है कि यहां की बिजली से दिल्ली की मेट्रो तक चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर हर नागरिक को देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। हमारा एक ही सपना है – भारत विश्व में अग्रणी बने।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा, “पहले गेहूं ₹100 क्विंटल में खरीदा जाता था, अब इसे बढ़ाकर ₹2600 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।” उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों के सम्मान में समर्पित है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान सम्मान निधि के तहत हर किसान को 6-6 हजार रुपये की सहायता राशि दे रही हैं।

सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो में भाग लिया और मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचकर गौपूजन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इसके बाद मंच पर कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और दीप प्रज्ज्वलित कर भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण किया।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने “श्री नरेन्द्र मोदी – स्वयंसेवक से प्रधान सेवक” पुस्तक का विमोचन भी किया।

डॉ. यादव ने कहा कि आकांक्षी जिलों की नीति से ग्रामीण भारत की दशा और दिशा दोनों बदल रही है। आज प्रदेश में विकास, आत्मनिर्भरता और किसानों के सशक्तिकरण की नई कहानी लिखी जा रही है।