राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा अभ्यास ‘साइबर भारत सेतु’ कार्यशाला का शुभारंभ

मध्यप्रदेश में ‘साइबर भारत सेतु’ कार्यशाला की शुरुआत, डिजिटल ढांचे की सुरक्षा और साइबर खतरों से निपटने की क्षमता निर्माण पर होगा फोकस।

राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा अभ्यास ‘साइबर भारत सेतु’ कार्यशाला का शुभारंभ

डिजिटल संचालन और सेवाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज से राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा अभ्यास ‘साइबर भारत सेतु – ब्रिजिंग स्टेट्स, सिक्योरिंग भारत’ का शुभारंभ किया गया। यह दो दिवसीय कार्यशाला मध्यप्रदेश कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (MP-CERT) और इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए डिजिटल बुनियादी ढांचे को सुरक्षित बनाना और साइबर खतरों से निपटने की क्षमता का विकास करना है। कार्यशाला में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जहां वे साइबर खतरों से निपटने की नवीनतम तकनीकों और रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।

‘साइबर भारत सेतु’ पहल का मकसद राज्यों के बीच सहयोग को और मज़बूत करना है ताकि पूरे देश में एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अभ्यास न केवल सरकारी संस्थानों बल्कि निजी क्षेत्र की साइबर सुरक्षा प्रणालियों को भी और सुदृढ़ बनाने में मददगार साबित होंगे।