दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका, कई गाड़ियां जलकर खाक — मची अफरा-तफरी
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल रही है।
दिल्ली में सोमवार शाम एक बार फिर सनसनी फैल गई, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। यह घटना मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमाका एक कार में हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें शाम के समय कॉल प्राप्त हुई कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ है। सूचना मिलते ही करीब 15 दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है। लाल किला और मेट्रो स्टेशन के आसपास की सड़कों को फिलहाल बंद कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह धमाका पार्क की गई एक कार में हुआ है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
घटना स्थल पर सीनियर अधिकारी पहुंच चुके हैं और हर दिशा से सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। पुलिस की बम निरोधक टीम भी मौके पर जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि लाल किला क्षेत्र दिल्ली का बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाला इलाका है। शाम के समय यहां स्थानीय बाजारों में काफी भीड़ रहती है और बड़ी संख्या में पर्यटक भी लाल किला देखने आते हैं। ऐसे में इस धमाके ने लोगों में दहशत फैला दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।