उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल बोले – असफलता से न डरें बच्चे, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती ही सफलता की कुंजी
रीवा में एडुमाइंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बच्चों को असफलता से न डरने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बच्चों को असफलता से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि सफलता प्राप्त करने के लिए पूरे मनोयोग और आत्मविश्वास के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता तभी संभव है जब अभिभावक और शिक्षक उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाएं और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें।
श्री शुक्ल ने कहा कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार अपना रास्ता चुनने की आज़ादी दी जानी चाहिए। आत्मविश्वास का निर्माण प्राथमिक स्तर पर ही शुरू होना चाहिए, क्योंकि यही गुण जीवनभर उनके साथ रहता है और हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दूसरों की सफलता देखकर बच्चों पर अनावश्यक बोझ डालना उचित नहीं है, क्योंकि यह मानसिक तनाव और असफलता का कारण बन सकता है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के भीतर प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आत्मबल और संतुलन की भावना विकसित करें।
श्री शुक्ल ने बच्चों से नशे की बुराई से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि देश के युवा ही भारत के उज्जवल भविष्य और आर्थिक प्रगति के आधार हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है और हमारा वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है।
यह बातें उन्होंने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रीवा में आयोजित “एडुमाइंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह” में कही। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों, शिक्षकों और विशेषज्ञों को सम्मानित किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष, शिक्षाविद, मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने तथा छात्रों के समग्र विकास पर केंद्रित रहा।