विधानसभा चुनाव से पहले कैमूर में 1125 लीटर शराब जब्त, उत्पाद विभाग ने तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम की

कैमूर में उत्पाद विभाग ने चुनाव से पहले 1125 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। ट्रक के गुप्त तहखाने से शराब बरामद, चालक गिरफ्तार।

विधानसभा चुनाव से पहले कैमूर में 1125 लीटर शराब जब्त, उत्पाद विभाग ने तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम की

कैमूर: विधानसभा चुनाव से पहले शराब तस्करी की बड़ी साजिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया। कैमूर उत्पाद विभाग की टीम ने दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मोहनिया थाना क्षेत्र के उत्पाद चेकपोस्ट पर छापेमारी कर 1125 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।

यह शराब एक संदिग्ध ट्रक के छत और केबिन में बने गुप्त तहखानों में छिपाकर रखी गई थी। शुरुआती जांच में ट्रक खाली नजर आया, लेकिन गहन तलाशी के दौरान छिपे हुए सैकड़ों कार्टन शराब के बरामद होने से विभाग में हड़कंप मच गया।

उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर गुंजेश कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर शराब की यह बड़ी खेप पकड़ी गई।

मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान अरुण यादव, पिता रामकुंवर यादव, निवासी सुरहुरपुर, मोहम्मदाबाद, मऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह यह शराब वाराणसी के राजा तालाब से बिहार के डेहरी-ऑन-सोन ले जा रहा था।

उत्पाद विभाग का मानना है कि यह शराब विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं के बीच खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। फिलहाल ट्रक और शराब को जब्त कर लिया गया है तथा चालक से लगातार पूछताछ की जा रही है।

विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन से गिरोह सक्रिय हैं और बिहार में शराब की यह खेप कहां खपाई जानी थी।

उत्पाद विभाग ने इस कार्रवाई को चुनाव पूर्व एक बड़ी सफलता बताया है, जिससे अवैध शराब के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सकी है।