सरगुजा की घाघझरिया व्यपवर्तन योजना को मिली 4.23 करोड़ की स्वीकृति, 150 हेक्टेयर में मिलेगी सिंचाई सुविधा
छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा जिले की घाघझरिया व्यपवर्तन योजना के निर्माण कार्य के लिए 4.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। योजना से 150 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने सरगुजा जिले के विकासखण्ड लुण्ड्रा में संचालित घाघझरिया व्यपवर्तन योजना के एल.बी.सी. निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 23 लाख 91 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के अंतर्गत किए जाने वाले निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई क्षमता में बड़ा विस्तार होगा।
योजना पूर्ण होने पर 100 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसल और 50 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसल हेतु कुल 150 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। किसान लाभान्वित होंगे और कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है।
इस परियोजना के कार्यों को क्रियान्वित कराने के लिए जल संसाधन विभाग, हसदेव कछार अम्बिकापुर के मुख्य अभियंता को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है, जिससे कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।