Haryana: कुलदीप बिश्नोई के कर्मचारी से 45 लाख रुपये पकड़े, किए जब्त
चेकिंग टीम ने इस राशि के सबूत मांगे तो कर्मचारी सबूत नहीं दे सका। इस पर टीम ने यह राशि अपने कब्जे में ले ली।
हरियाणा के हिसार शहर में एक नाके पर चेकिंग के दौरान भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के कर्मचारी से 45 लाख रुपये की नकदी बरामद की। विधानसभा चुनाव को लेकर शहर के साउथ बाईपास पर सदर थाना एरिया में जिला प्रशासन की तरफ से नाका लगाया गया है। शनिवार देर रात यहां तैनात टीम ने एक गाड़ी को रुकवाया।
जांच के दौरान गाड़ी से 45 लाख रुपये बरामद हुए। इस पर टीम ने गाड़ी में मौजूद व्यक्ति से इस राशि के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि यह पेट्रोल पंप का कलेक्शन है और यह पेट्रोल पंप कुलदीप बिश्नोई का है। टीम ने जब इस राशि के सबूत की मांग की तो उक्त व्यक्ति मौके पर कोई सबूत प्रस्तुत नहीं कर सका तो टीम ने यह राशि जब्त कर ली।
जल्द सबूत देंगे : मोहित
कुलदीप बिश्नोई के प्रवक्ता मोहित ने बताया कि कुलदीप बिश्नोई का मंडी आदमपुर में पेट्रोल पंप है। यह उसी पंप का कलेक्शन है। गाड़ी सवार व्यक्ति इस राशि को हिसार में जमा करवाने जा रहा था। जल्द ही जिला प्रशासन के सामने इसका सबूत पेश कर दिया जाएगा।