कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुआ हसनपुर में मां काली प्रतिमा का विसर्जन, सामाजिक सौहार्द की बनी मिसाल
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुर में मां काली की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। शोभायात्रा में सामाजिक सौहार्द और प्रशासनिक सतर्कता की झलक देखने को मिली।
अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले पटना सिटी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर में शनिवार सुबह मां काली की प्रतिमा का विसर्जन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा हसनपुर से प्रारंभ होकर मिर्जापुर बरदह होते हुए आरती के लिए सीताकुंड पहुंची। आरती संपन्न होने के बाद प्रतिमा को शीतलपुर चौक लाया गया, जहां से आगे विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गई।
पूरे विसर्जन मार्ग पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी और इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। वहीं, शहरी क्षेत्र के विसर्जन रूट और सोझीघाट स्थित विसर्जन स्थल पर भी सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने काली पूजा समिति के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों का गुलाब के फूलों से स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था कर साम्प्रदायिक सौहार्द की अनोखी मिसाल पेश की। बरदह गांव में भी शांति समिति, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल का भव्य स्वागत किया गया।
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, डीडीसी अजीत कुमार, एसडीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह और एसडीपीओ राजेश कुमार लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में लगे रहे। इमलीगाछ से लेकर सीताकुंड तक हर बिंदु पर सुरक्षाबलों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।
मां काली की प्रतिमा को निर्धारित समय पर मंदिर परिसर से निकालकर सुबह 10 बजे इमलीगाछ चौक पहुंचाया गया। वहां से विसर्जन समिति और शांति समिति के सदस्यों की उपस्थिति में प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक सीताकुंड ले जाया गया, जहां विधिवत विसर्जन संपन्न हुआ।