दो वर्ष से कम बच्चों को खांसी-जुकाम की दवाएं न दें: केंद्र सरकार की राज्यों को सलाह, मध्यप्रदेश और राजस्थान में बच्चों की मौत के बाद सख्ती

मध्यप्रदेश और राजस्थान में खांसी की दवा से बच्चों की मौत के मामलों के बाद केंद्र स्वास्थ्य मंत्रालय ने सलाह दी है कि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को खांसी-जुकाम की दवाएं न दी जाएं।

दो वर्ष से कम बच्चों को खांसी-जुकाम की दवाएं न दें: केंद्र सरकार की राज्यों को सलाह, मध्यप्रदेश और राजस्थान में बच्चों की मौत के बाद सख्ती

केंद्र सरकार ने खांसी और जुकाम की दवाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण परामर्श जारी करते हुए चेतावनी दी है कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ऐसी दवाएं किसी भी स्थिति में नहीं दी जानी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ये दवाएं सामान्यतः पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी अनुशंसित नहीं हैं, और यदि दी भी जाएं तो केवल चिकित्सकीय मूल्यांकन और निगरानी के बाद ही दी जानी चाहिए।

मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशकों को पत्र लिखकर यह परामर्श भेजा है। यह कदम हाल ही में मध्यप्रदेश और राजस्थान में खांसी की दवाओं से जुड़ी बच्चों की मौत के मामलों के बाद उठाया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में हुई मौतों के मामलों की जांच के लिए एक बहुविषयक टीम गठित की गई है, जो सैंपल और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।

वहीं, राजस्थान सरकार ने ड्रग कंट्रोलर राजाराम शर्मा को निलंबित कर दिया है और केसॉन फार्मा की सभी 19 दवाओं के वितरण पर रोक लगा दी है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत वितरित कफ सिरप पीने से दो बच्चों की मौत हो गई और कई अन्य बीमार पड़ गए।

राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (RMSCL) के अनुसार, 2012 से अब तक केसॉन फार्मा की 10,119 दवाओं के सैंपल की जांच की गई, जिनमें से 42 नमूने निम्न गुणवत्ता के पाए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

इस बीच, मध्यप्रदेश सरकार ने कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। छिंदवाड़ा जिले में नौ बच्चों की मौत संदिग्ध किडनी संक्रमण के कारण हुई, जिसके पीछे इस सिरप के सेवन को जिम्मेदार बताया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया।

जानकारी के अनुसार, कोल्ड्रिफ सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित फैक्ट्री में निर्मित किया गया था। घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार से जांच कराने का अनुरोध किया है।