हांगकांग ओपन सुपर 500: फाइनल में लक्ष्‍य सेन भिड़ेंगे ली शिफेंग से, सात्विक-चिराग भी खिताब की दौड़ में

भारत के बैडमिंटन स्टार लक्ष्‍य सेन हांगकांग ओपन सुपर 500 फाइनल में चीन के ली शिफेंग से भिड़ेंगे। पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी खिताबी मुकाबले में उतरेंगे।

हांगकांग ओपन सुपर 500: फाइनल में लक्ष्‍य सेन भिड़ेंगे ली शिफेंग से, सात्विक-चिराग भी खिताब की दौड़ में

हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन आज पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में उतरेंगे। उनका मुकाबला चीन के ली शिफेंग से होगा। सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन को 23-21, 22-20 से हराया। दूसरी ओर, ली शिफेंग ने फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव को 21-18, 21-19 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

लक्ष्य सेन के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य सेन ने आखिरी बार जुलाई 2023 में कनाडा ओपन सुपर 500 का खिताब जीता था। अब वे करीब दो साल बाद एक और सुपर 500 खिताब जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे।

भारतीय उम्मीदें केवल लक्ष्य सेन पर ही नहीं, बल्कि पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पर भी टिकी हैं। वर्ल्ड नंबर 9 यह भारतीय जोड़ी फाइनल में चीन के लियांग वेई कांग और वांग चांग की मजबूत जोड़ी से भिड़ेगी। सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग ने चीनी ताइपे की जोड़ी बिंग-वेई लिन और चेन चेंग कुआन को 21-17, 21-15 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

आज का दिन भारतीय बैडमिंटन के लिए ऐतिहासिक हो सकता है, क्योंकि एक साथ पुरुष एकल और पुरुष डबल्स दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ियों के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।