नेपाल में भारी बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा, सहरसा में अलर्ट जारी

नेपाल में लगातार बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। सहरसा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है और राहत एवं बचाव व्यवस्थाएँ सक्रिय की हैं।

नेपाल में भारी बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा, सहरसा में अलर्ट जारी

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार शाम 4 बजे तक कोसी बराज से 5,33,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोसी बराज के सभी 56 फाटक खोल दिए गए हैं।

जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सहरसा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कर लोगों से ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

नौहट्टा अंचलाधिकारी मोनी बहन ने बताया कि नेपाल में लगातार बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन ने नावों की व्यवस्था की है ताकि प्रभावित लोग सुरक्षित स्थानों तक पहुँच सकें। इसके साथ ही अस्थायी राहत शिविर, विद्यालयों में ठहरने की सुविधा और सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) भी चालू कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को आवश्यक सेवाएँ मिल सकें।