आम और गैस से लदे दो ट्रकों की भीषण टक्कर

जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा टू लेन पर स्थित तीना गांव के पास रविवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। गैस सिलेंडर और आम से लदे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।

आम और गैस से लदे दो ट्रकों की भीषण टक्कर

जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा टू लेन पर स्थित तीना गांव के पास रविवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। गैस सिलेंडर और आम से लदे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि एक चालक का शव ट्रक में फंस गया, जिसे तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

आम लदे ट्रक के ड्राइवर की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी कैलू यादव के पुत्र शिव बालक यादव (उम्र 26 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं, उसी ट्रक के खलासी की पहचान सुनील यादव के रूप में हुई है।

गैस सिलेंडर लदे ट्रक के ड्राइवर की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा पहचान की प्रक्रिया जारी है।

 मृतक शिव बालक यादव के भाई श्रवण गोप ने बताया कि शिव बालक, सहारनपुर से आम लादकर उपचालक सुनील यादव के साथ बिहार शरीफ आ रहा था। इसी दौरान तीना गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिव बालक यादव को मृत घोषित कर दिया।

चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों ट्रकों के खलासी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस घटना की पूरी जांच में जुट गई है।