लंपी स्किन डिजीज नियंत्रण की मुहिम तेज, पूर्वांचल में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान
उत्तर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज से प्रभावित 11 जिलों में गोट पाक्स और लंपी प्रोवैक वैक्सीन से युद्धस्तर पर टीकाकरण। अब तक 9353 गोवंश प्रभावित, जिनमें से 6769 स्वस्थ हुए।
प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज का संक्रमण बिहार सीमा से लगे 11 जिलों में सबसे अधिक पाया गया है, जबकि कुछ अन्य जिलों में इसके छिटपुट लक्षण सामने आए हैं।
रोकथाम के लिए प्रदेश में अब तक 61.20 लाख डोज गोट पाक्स वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर आई.वी.आर.आई. द्वारा विकसित लंपी प्रोवैक वैक्सीन की 60,000 खुराक बैंगलुरु से मंगवाकर पूर्वांचल के प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।
अभी तक 1447 ग्रामों में बेल्ट वैक्सीनेशन और 2558 ग्रामों में रिंग वैक्सीनेशन पूरा हो चुका है। प्रभावित 11 जिलों में 9353 गोवंश संक्रमित पाए गए, जिनमें से 6769 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 2584 गोवंश का उपचार जारी है।
सरकार का कहना है कि तेज़ और व्यापक टीकाकरण के जरिए लंपी स्किन डिजीज को जल्द ही नियंत्रित कर लिया जाएगा, ताकि पशुपालकों और किसानों को राहत मिल सके।