प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को दिया 11,000 करोड़ का राजमार्ग तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में 11,000 करोड़ रुपए की दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। द्वारका एक्सप्रेसवे और यूईआर-2 से राजधानी में ट्रैफिक कम होगा और कनेक्टिविटी सुधरेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजधानी दिल्ली को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 11,000 करोड़ रुपए की लागत से बनी दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने रोहिणी से जुड़ने वाले यूईआर-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) के दिल्ली खंड और द्वारका एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले पीएम मोदी बक्करवाला गांव टोल प्लाजा इलाके से रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
सरकार की यह योजना दिल्ली को जाम और प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए बनाई गई है। इन दोनों परियोजनाओं से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होगा, यात्रा समय घटेगा और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा, “आप (पीएम मोदी) सिर्फ नारों में नहीं बल्कि सच्चाई के धरातल पर विकास पुरुष हैं। विपक्ष की राजनीति के बावजूद आपने दिल्ली की जनता को कभी ओछी राजनीति का शिकार नहीं होने दिया।”
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि बतौर मुख्यमंत्री बीते पांच महीनों के अनुभव में यह साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी ऐसे दूरदर्शी नेता हैं जिनकी सोच में भारत का हर नागरिक शामिल है। उन्होंने कहा कि मोदी की नीतियां हर राज्य को बराबरी का हिस्सा देती हैं और उनके संकल्प से हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करता है।