प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 13,430 करोड़ के विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरनूल, आंध्र प्रदेश में 13,430 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, बिजली, ड्रोन हब और एआई हब पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 13,430 करोड़ के विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आंध्र प्रदेश के कुरनूल में लगभग 13,430 करोड़ रुपये मूल्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित किया।

ये परियोजनाएं उद्योग, विद्युत संवहन, सड़क, रेलवे, रक्षा निर्माण और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फैली हुई हैं। कुरनूल में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की स्वच्छ ऊर्जा और विद्युत पहुंच में तेज प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक गांव तक बिजली पहुंच चुकी है और प्रति व्यक्ति विद्युत खपत 1,400 यूनिट तक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां ऊर्जा क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने रायलसीमा और पूरे आंध्र प्रदेश के विकास को राष्ट्रीय प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जीएसटी सुधारों के चलते राज्य में वित्तीय लाभ पर भी प्रकाश डाला, जिसमें 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की बचत होने की उम्मीद है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे उत्सव के मौसम में जीएसटी बचत महोत्सव का उत्साह और जागरूकता के साथ जश्न मनाएं।

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश की तकनीकी प्रगति की भी सराहना की और कुरनूल को भारत के ड्रोन हब के रूप में विकसित करने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ड्रोन उद्योग कई भविष्य के क्षेत्रों के लिए दरवाजे खोलेगा और इसका सफल प्रयोग ऑपरेशन सिंदूर में देखा गया। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक, जब भारत स्वतंत्रता का शताब्दी वर्ष मनाएगा, यह वास्तव में एक विकसित भारत होगा।

प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम को एआई और कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने का भी विजन साझा किया। इस हब में देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केंद्र स्थापित होगा। गूगल द्वारा नए अंतरराष्ट्रीय सबसी गेटवे के निर्माण से यह पहल आंध्र प्रदेश को भारत के डिजिटल भविष्य के केंद्र में रखेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह कुरनूल पहुंचे और श्री ब्रम्हारंबा मल्लिकार्जुन स्वामी वर्ला देवस्थानम, श्रीसैलम में पूजा अर्चना की। यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों और 52 शक्तिपीठों में से एक है।

प्रधानमंत्री को श्री स्वामी और देवी ब्रम्हारंबा की प्रतिमाओं और वस्त्रों से सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत को याद करने के लिए श्री शिवाजी स्पूर्ति केंद्र, श्रीसैलम का भी दौरा किया।