प्रधानमंत्री मोदी ने धार से शुरू किया "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान" और राष्ट्रीय पोषण माह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार से "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान" और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास और मातृ वंदना योजना के तहत वित्तीय सहायता भी प्रदान की।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार जिले से देशव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के भैंसला गांव में बनने वाले देश के सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया और मातृ वंदना योजना के तहत 15 लाख से अधिक महिलाओं को वित्तीय सहायता हस्तांतरित की।
प्रधानमंत्री ने राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में आयोजित “आदि सेवा पर्व” का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं को निःशुल्क जांच और उपचार उपलब्ध होगा। मोदी ने महिलाओं से अपील की कि वे इन शिविरों में अवश्य जाएं और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
पीएम मोदी ने कहा कि पीएम मित्र पार्क किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा और यह धार जिले के विकास का नया अध्याय होगा। उन्होंने त्यौहारों के मौसम में लोगों से “मेक इन इंडिया” को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि जो भी खरीदें और जो भी बेचें, वह भारतीय मूल का होना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि देशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, ताकि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और विकास की गति तेज हो।