ग्रामीणों की बरसों की मांग पूरी करेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ईब नदी पर बनेगा पुल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धौरासांड-ईब नदी पर 9.18 करोड़ से उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मंजूरी दी। पुल से हजारों ग्रामीणों की बरसों पुरानी मांग पूरी होगी और दूरी घटेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने धौरासांड से दाईजबहार मार्ग पर ईब नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 18 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों से लंबित मांग पूरी होगी। पुल बनने के बाद फरसाबहार क्षेत्र के दाईजबहार, बरकशपाली, साजबहार, बामहनमारा, तपकरा, धौरासांड, खुटगांव, बनगांव, हेटघिंचा और तुबा जैसे गांवों की दूरी काफी घट जाएगी।
नए पुल से ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर सफर नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी सहायक साबित होगी।