पीएम मोदी ने एनडीए उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने एनडीए उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि राधाकृष्णन के लंबे सार्वजनिक जीवन का अनुभव देश को बहुत लाभ पहुंचाएगा।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा –
“सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें एनडीए के उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुने जाने पर बधाई दी। उनकी सार्वजनिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव राष्ट्र के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। मुझे विश्वास है कि वे समर्पण और दृढ़ता के साथ देश की सेवा जारी रखेंगे।”

पहले भी दी थी बधाई

इससे पहले रविवार को भी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राधाकृष्णन को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था – “थिरु सीपी राधाकृष्णन ने अपने सार्वजनिक जीवन में लगन, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और वंचितों के सशक्तिकरण पर काम किया है। मुझे खुशी है कि एनडीए परिवार ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।”

महाराष्ट्र के राज्यपाल और अनुभवी प्रशासक

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नाम की घोषणा की थी। फिलहाल राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। उन्हें 31 जुलाई 2024 को इस पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल रहे। इसके अलावा, उन्होंने तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला है।