नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से पीएम मोदी की वार्ता, हिंसक प्रदर्शनों पर जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बात की। मोदी ने हिंसक प्रदर्शनों में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और शांति व स्थिरता के लिए भारत के समर्थन का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए हिंसक प्रदर्शनों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मोदी ने आश्वासन दिया कि शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने लिखा, “नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात की। हाल की दुखद घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। शांति और स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों में भारत का समर्थन दोहराया।”
मोदी ने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस पर भी सुशीला कार्की और वहां की जनता को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेपाल की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी हैं। बीते शनिवार को उनके नाम की घोषणा हुई और उसी शाम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें शपथ दिलाई। अंतरिम सरकार के गठन के साथ ही नेपाल की संसद भंग कर दी गई है और जल्द आम चुनाव कराने का प्रस्ताव सामने आया है।
नेपाल में सत्ता परिवर्तन का यह घटनाक्रम ‘जेन-जी आंदोलन’ के बाद हुआ। यह आंदोलन तब शुरू हुआ जब केपी शर्मा ओली सरकार ने 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगा दिया। युवाओं के नेतृत्व में शुरू हुआ विरोध आंदोलन धीरे-धीरे हिंसक हो गया। आंदोलनकारियों ने कई मंत्रियों के घरों को आग के हवाले कर दिया। बढ़ते दबाव के चलते अंततः केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा और अंतरिम सरकार का गठन किया गया।