बिहार चुनाव 2025: नीतीश कुमार और अमित शाह की मुलाकात, रणनीति को लेकर मंथन तेज
बिहार चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अहम मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने चुनावी रणनीति और बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की।
बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच लगभग 20 से 25 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में आगामी चुनाव की रणनीतियों को लेकर अहम चर्चा हुई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार रात ही पटना पहुंचे थे। देर रात उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ लंबी बैठक की, जिसमें मौजूदा राजनीतिक हालात और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। सूत्रों का कहना है कि शाह ने पार्टी नेताओं को हर स्तर पर चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
गुरुवार को शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करने का कार्यक्रम तय किया। वे डेहरी ऑनसोन और बेगूसराय में आयोजित बैठकों में शामिल होकर चुनावी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। इन बैठकों में भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक, संगठन से जुड़े पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
बैठक का मुख्य फोकस बूथ सशक्तिकरण पर होगा। बताया जा रहा है कि शाह कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे और उन्हें आगामी चुनाव के लिए प्रेरित करेंगे। चुनाव से पहले शाह का यह बिहार दौरा भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।